X Close
X

दिल्ली के चिड़ियाघर में सैनिटाइजेशन और जानवरों का कोरोना टेस्‍ट शुरू


Corona-0980E13122020102444

नई दिल्ली। चिड़ियाघर के जानवरों के भी कोविड-19 की चपेट में होने की आशंका उभर गई है। हैदराबाद के 8 और इटावा के एक शेर के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद दिल्ली के चिड़ियाघर से भी कुछ वन्यजीवों के सैंपल आईवीआरएल के पास जांच के लिए भेजे गए हैं।

चिड़ियाघर के डायरेक्टर रमेश कुमार पांडे ने बताया कि भेजे गए सैंपलों में से शेर का एक सैंपल भी शामिल है। आईवीआरएल से मिली जानकारी के अनुसार शेर का सैंपल निगेटिव आया है। अभी हम पूरी रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद ही अपडेट किया जाएगा। चीता और भालू आदि के भी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

उन्होंने बताया कि सीजेडए और केंद्रीय पर्यावरण, वन तथा प्रदूषण नियंत्रण मंत्रालय की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जा रहा है। चिड़ियाघर में सभी बाड़ों और अन्य स्थानों का सैनिटाइजेशन नियमित रूप से हो रहा है। जानवरों को दिए जाने वाले भोजन की भी जांच पहले से ही की जा रही है।

पक्षियों को दिए जाने वाले दाने पहले गर्म पानी से साफ किए जाते हैं। यही प्रक्रिया मांसाहारी भोजन में भी अपनाई जा रही है। वन्यजीवों की देखरेख कर रहे कर्मचारियों का वैक्सीनेशन भी कराया गया है।

वन्यजीवों का प्रजनन
चिड़ियाघर में वन्यजीवों का प्रजनन भी सफलतापूर्वक चल रहा है। हिप्पो और बबून जानवर ने एक-एक बच्चे का जन्म दिया है। वे स्वस्थ बताए जाते हैं। चिड़ियाघर के डॉक्टर, हिप्पो और उसके नवजात शिशु का विशेष रूप से ध्यान रख रहे हैं।

(LEGEND NEWS)
Legend News