X Close
X

मैनपुरी में हिस्ट्रीशीटर नीरज यादव का मकान कुर्क


मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत आज मंगलवार को मैनपुरी जनपद में पुलिस अधीक्षक (एसपी) की मौजूदगी में गांव शाहजहांपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर नीरज यादव के मकान को कुर्क किया गया। इस दौरान पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया।

घिरोर थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर नीरज यादव लंबे समय पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। वर्ष 2017 में एक बार पुलिस जब उसे पकड़ने गई थी तो उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। हमले में एक दरोगा व सिपाही घायल हो गए थे। नीरज के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या आदि के मामले शामिल हैं।

सोमवार को नीरज यादव के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया था। मंगलवार को एसपी अजय कुमार पांडेय पुलिसबल के साथ गांव पहुंच गए। इसके बाद कुर्की की कार्रवाई की गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान गांव छावनी बना रहा। पुलिस ने गलियों में गश्त करके स्थिति का भी जायजा लिया। एसपी ने गांव वालों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।

एसपी ने बताया कि नीरज यादव के आवास को सील कर दिया गया है। बाहर पुलिस तैनात की गई है। करीब 60 लाख कीमत का आवास कुर्क किया गया है। अन्य अवैध संपत्ति के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। नीरज और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई गईं हैं। अपराधियों का ठिकाना हर हाल में जेल होगा।

– एजेंसी

Legend News