फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता विकास चौधरी की कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। चौधरी की हत्या उस वक्त की गई जब वह रोजाना की तरह जिम से वर्जिश कर निकल रहे थे। पुलिस को घटना स्थल से 12 खोखे गोलियां भी मिली हैं। हालांकि अभी यह नहीं पता चल सका है कि हमले के पीछे की वजह क्या थी।
बताया जाता है कि कुछ अज्ञात लोगों ने कांग्रेस प्रवक्ता पर गोलियां चलाईं। सेक्टर 9 की मार्केट में दिन-दहाड़े यह घटना हुई। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कम से कम 5 से 6 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोली लगने के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चौधरी ने दम तोड़ दिया।
कांग्रेस नेता की हत्या पर पार्टी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं ने दुख जाहिर करते हुए खट्टर सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
घटना सेक्टर नौ स्थित पीएचसी जिम की है जहां प्रतिदिन विकास चौधरी जिम करने जाते थे।
घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘बीजेपी राज में हरियाणा गुंडाराज व संगठित अपराध का गढ़ बन गया है। कानून-व्यवस्था तार-तार हो चुकी है, गुंडे-बदमाशों व अराजक तत्वों का बोलबाला है। इस माहौल की दोषी सिर्फ खट्टर सरकार ही है। विकास चौधरी पर हमले की निष्पक्ष जांच हो और भाजपा सरकार आरोपियों को कानूनी सजा दिलाए।’
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने प्रदेश की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘खट्टर राज पूरी तरह से जंगल राज में तब्दील हो चुका है। इसी तरह की एक और घटना कल एक महिला के साथ हुई थी, जिसने अपने साथ छेड़खाने करने वालों का विरोध किया। विकास चौधरी की हत्या की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।’
पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। अभी तक पता नहीं चल सका है कि इस हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं और हमला क्यों अंजाम दिया गया। हालांकि, भीड़ भरे इलाके में कांग्रेस नेता पर चली गोलियों के कारण शहर के लोग सकते में हैं।
The post हरियाणा Congress के प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या appeared first on Legend News.
(LEGEND NEWS)